Wednesday October 28, 2026

Russia Ukraine War: रूस ने ड्रोन और मिसाइलों से बरपाया कहर, भड़क गया यूक्रेन

image

कीव: रूस और यूक्रेन के बीच बीते करीब ढाई वर्ष से जंग जारी है। रूस और यूक्रेन दोनों ही एक दूसरे पर लगातार घातक हमले कर रहे हैं। हाल के दिनों में रूस ने यूक्रेन पर हमले तेज कर दिए हैं। इस बीच यूक्रेन की वायु सेना ने बताया कि रूस ने कीव और अन्य शहरों को निशाना बनाकर ड्रोन, क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों से कई हमले किए हैं। सोमवार तड़के (02-09-2024) यूक्रेन की राजधानी कई विस्फोटों से दहल उठी, जिससे निवासियों को बम रोधी आश्रयों में शरण लेनी पड़ी। 

कीव के मेयर ने क्या कहा?

कीव के मेयर विताली क्लित्स्को ने कहा कि कीव के होलोसिव्स्की और सोलोमिंस्की जिले में आपातकालीन सेवाओं को बुलाया गया। उन्होंने बताया कि शेवशेनकिव्स्की जिले में मलबे के नीचे दबने से एक व्यक्ति के जख्मी होने की सूचना है। हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के प्रमुख आंद्री यरमाक ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हर चीज का जवाब मिलेगा। दुश्मन को इसका एहसास होगा।’’ वायु सेना के अनुसार, रूस ने कीव को निशाना बनाकर कई क्रूज मिसाइलों के साथ बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं और कुछ ड्रोन हमले भी किए। 

खारकीव में 47 लोगों की हुई मौत

इससे पहले रूस सेना ने रविवार को यूक्रेन के खारकीव में घातक हमले किए जिसमें 5 बच्चों समेत कम से कम 47 लोगों की मौत हुई है। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक ये 47 मौतें खारकीव के एक मॉल पर हुए रूसी मिसाइलों के हमलों में हुई हैं। खारकीव में रूसी हमलों के बाद यूक्रेन की राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अपने पश्चिमी सहयोगियों से चर्चा की और उनकी तरफ से दी गई मिसाइलों से रूस पर हमला करने की इजाजत मांगी। यूक्रेन का कहना है कि वह रूस के और अंदरूनी इलाकों में हमला करना चाहता है।

यूक्रेन ने किया ड्रोन अटैक

इस बीच रूसी अधिकारियों की तरफ से कहा गया है कि यूक्रेन ने करीब 158 ड्रोन रूसी शहरों पर दागे हैं, जिसके बाद मॉस्को ऑयल रिफाइनरी और कोनाकोवो पावर स्टेशन में आग लग गई। पिछले हफ्ते रूस के शहर सरतोवा की बिल्डिंग पर एक यूक्रेनी ड्रोन से हमला किया गया था, इस हमले की तुलना अमेरिका के 9/11 से हुई थी। (एपी)