Wednesday October 28, 2026

रद्द हो सकती है 'मनसे' की मान्यता, राज ठाकरे ने बुलाई पार्टी की बैठक

image

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं। 288 सीटों के लिए हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा, शिवसेना और एनसीपी के महायुति गठबंधन ने प्रचंड जीत हासिल की है। हालांकि, चुनाव में राज ठाकरे की पार्टी मनसे का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। अब बड़ी खबर ये सामने आ रही है कि विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद राज ठाकरे की पार्टी की मान्यता भी रद्द हो सकती है।


क्या है कारण?
सूत्रों के मुताबिक, चुनाव आयोग राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की मान्यता रद्द कर सकता है। जानकारों के मुताबिक, विधानसभा चुनावों में कम से कम एक विधानसभा सीट या, मतदान का 8 प्रतिशत वोट शेयर ना मिलने पर जा सकती है मान्यता। राज ठाकरे ने अपने घर आज सुबह 10.30 बजे पार्टी के नेताओं की आत्मचिंतन बैठक बुलाई है। बैठक में चुनावों में खराब प्रदर्शन और आगे की रणनीति की हो सकती है चर्चा।

मनसे को कितने वोट मिले?
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने 125 उम्मीदवार उतारे थे और इनमें से एक उम्मीदवार भी चुनाव नहीं जीत सके। राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे भी माहिम सीट से चुनाव हार गए। चुनाव आयोग के मुताबिर मनसे को चुनाव में महज 1.55 फीसदी वोट मिले हैं।

किसे कितनी सीटें मिली?
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति की भाजपा को 132, एनसीपी को 41 और शिवसेना को 57 सीटों (कुल 230) पर जीत हासिल हुई है। वहीं, महाविकास अघाड़ी की शिवसेना (यूबीटी) को 20, कांग्रेस को 16 और एनसीपी (शरद चंद्र पवार) को 10 (कुल 46) सीटों पर जीत मिली है। बाकी की 12 सीटें अन्य दलों या फिर निर्दलीय ने जीती हैं।