Wednesday October 28, 2026

RBI के गवर्नर शक्तिकांत दास अस्पताल में भर्ती, चेन्नई में कराया गया एडमिट

image

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गवर्नर शक्तिकांत दास से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। RBI गवर्नर शक्तिकांत दास को मंगलवार को स्वास्थ्य समस्या की वजह से चेन्नई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, दास को मामूली स्वास्थ्य समस्या (एसिडिटी की शिकायत) हुई थी। RBI ने कहा है कि चिंता की कोई बात नहीं है।

RBI ने क्या बताया?
भारतीय रिजर्व बैंक ने गवर्नर शक्तिकांत दास के स्वास्थ्य को लेकर बयान भी जारी किया है। RBI ने बताया है कि दास को एसिडिटी की शिकायत हुई जिसके बाद उन्हें तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। रिजर्व बैंक ने कहा है कि चिंता की कोई बात नहीं है और उन्हें कुछ घंटों में अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।

मिल सकता है सेवा विस्तार
आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास की तबीयत खराब होने की खबर ऐसे समय में सामने आई है जब केंद्र सरकार कथित तौर पर उनके कार्यकाल के दूसरे विस्तार पर विचार कर रही है। ये विस्तार शक्तिकांत दास को 1960 के दशक के बाद सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाला आरबीआई गवर्नर बना देगा। RBI गवर्नर के तौर पर शक्तिकांत दास की नियुक्ति दिसंबर 2018 में हुई थी। वह पांच-वर्षीय कार्यकाल को पहले ही पार कर चुके हैं। 

RBI गवर्नर के तौर पर शक्तिकांत दास के कार्यकाल में मुद्रास्फीति के दबाव, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं समेत विभिन्न आर्थिक चुनौतियां सामने आई हैं। शक्तिकांत दास ने हाल ही के एक इंटरव्यू में कहा था कि भारत संरक्षणवाद, व्यापार युद्ध और भू-राजनीतिक तनाव सहित बाहरी झटकों से निपटने के लिए अच्छी तरह से तैयार है।