Wednesday October 28, 2026

भूकंप के झटकों से हिला पाकिस्तान, अफगानिस्तान से लेकर नई दिल्ली तक महसूस हुए झटके

image

इस्लामाबादः भारत का पड़ोसी देश पाकिस्तान अभी-अभी आए भूकंप के जोरदार झटकों से हिल गया है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार यह भूकंप पाकिस्तान में दोपहर करीब 1 बजे आया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.8  आंकी गई है।  भूकंप की तीव्रता का असर अफगानिस्तान से लेकर भारत तक महसूस हुआ है। यह भूकंप पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद समेत देश के कुछ हिस्सों में बुधवार को आया। देश के मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी।

जियो न्यूज ने पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग के हवाले से कहा कि भूकंप का केंद्र पंजाब प्रांत के दक्षिण पश्चिम में डेरा गाजी खान क्षेत्र के पास 10 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप से जान माल के नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं है। मौसम विभाग ने बताया कि पाकिस्तान के समयानुसार दोपहर 12.28 बजे भूकंप का झटका आया। पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों के अनेक इलाकों में और देश की राजधानी इस्लामाबाद में भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस बीच, भारत में भूकंप के झटके दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में महसूस किए गए।

भारत में भी रहा असर

भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने भूकंप की तीव्रता 5.8 बताई। डॉन अखबार ने मौसम विभाग के एक प्रवक्ता के हवाले से बताया कि पंजाब प्रांत के अधिकारी भूकंप के झटकों से निपटने के लिए सतर्कता बरत रहे हैं। इसमें कहा गया है कि प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नियंत्रण कक्ष सहित पंजाब के जिला आपातकालीन संचालन केंद्र 24 घंटे अलर्ट पर हैं। प्रवक्ता ने कहा कि प्रांतीय प्रशासन भूकंप से प्रभावित इमारतों की भी जांच कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के नुकसान की सूचना आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की हेल्पलाइन पर दी जा सकती है। हालांकि अमेरिका भूगर्भ सर्वेक्षण ने कहा कि भूकंप की तीव्रता 5.4 मापी गई जिसका असर भारत, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में महसूस किया गया।

पीओके में भी आया था भूकंप

पिछले महीने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में 5.1 तीव्रता के भूकंप के दो झटके महसूस किए गए थे जिसके बाद क्षेत्र के नागरिक दहशत में आ गए। पाकिस्तान और कश्मीर में 2005 में 7.6 तीव्रता के एक भूकंप के बाद हजारों लोग मारे गए थे। भारत में  जयपुर, चंडीगढ़, दिल्ली और नोएडा सहित भारतीय शहरों में हल्के झटके महसूस किए गए। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार भारत में किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।  राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि भूकंप का केंद्र पंजाब के अमृतसर से 415 किलोमीटर दूर पश्चिम में था। अन्य ब्यौरे का इंतजार किया जा रहा है। (भाषा)