Wednesday June 24, 2026

आजमगढ़ में बोले पीएम मोदी- पूर्वांचल ने दशकों तक जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति देखी

image

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान आजमगढ़ में कई विकास परियोजनाओं का एक साथ लोकार्पण और शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने इस कार्यक्रम में 34 हजार 700 करोड़ रुपये की 782 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें परियोजनाओं में आजमगढ़ समेत राज्य के पांच जिलों में बनाए गए एयरपोर्ट भी शामिल हैं। इनमें मुरादाबाद, अलीगढ़, श्रावस्ती और चित्रकूट का नाम शामिल है। साथ ही सुहेलदेव यूनिवर्सिटी का भी उद्घाटन किया।

आजमगढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज आजमगढ़ का सितारा चमक रहा है। एक जमाना था जब दिल्ली से कार्यक्रम होता था और देश के अलग-अलग जगहों से लोग जुड़ते थे। आज आजमगढ़ में कार्यक्रम हो रहा है और देश के अलग-अलग जगहों से लोग जुड़े हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आपका प्यार और आज़मगढ़ का विकास जातिवाद, वंशवाद और वोट बैंक पर निर्भर इंडी गठबंधन की नींद उड़ा रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि दशकों तक, पूर्वांचल ने जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति देखी। पिछले 10 सालों में, यह क्षेत्र ने विकास की राजनीति भी देखी है। सीएम योगी के नेतृत्व में पिछले 7 सालों में इसमें तेजी आई है। लोगों ने 'माफिया राज' और उग्रवाद के खतरे भी देखे हैं और अब, वे कानून का शासन भी देख रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि आप लोगों को याद है ना कि कैसे इसी उत्तर प्रदेश में सरकार चलाने वालों ने गन्ना किसानों को रुलाया था। उनका पैसा ही तरसा-तरसा कर दिया जाता था या मिलता ही नहीं था। ये भाजपा की सरकार है जिसने गन्ना किसानों का हजारों करोड़ का बकाया खत्म कराया है। आज गन्ना किसानों को सही समय पर गन्ने का मूल्य मिल रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि किसानों को आज पहले की तुलना में कई गुना बढ़ी हुई 
एमएसपी दी जा रही है। गन्ना किसानों के लिए भी इस साल लाभकारी मूल्य में 8 फीसदी की वृद्धि की गई है। अब गन्ने का लाभकारी मूल्य 315 रुपये से बढ़कर 340 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है।

पीएम मोदी ने कहा कि 2024 में भी किए जा रहे शिलान्यासों को भी कोई चुनाव के चश्मे से न देखे, ये विकास के लिए मेरी अनंत यात्रा का परिणाम है। मैं 2047 तक, देश को विकसित भारत बनाने के लिए तेज गति से दौड़ रहा हूं और देश को तेज गति से दौड़ा रहा हूं।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत की प्रगति से नाखुश कुछ लोगों का कहना है कि चुनाव से पहले इतनी सारी परियोजनाओं का उद्घाटन राजनीतिक प्रलोभन है। मैं उन्हें याद दिलाना चाहता हूं कि पहले क्या होता था, नेता चुनाव से पहले योजनाओं की घोषणा तो करते थे लेकिन उन्हें पूरा नहीं करते थे। आज देश देख रहा है कि जिन परियोजनाओं का शिलान्यास मैंने किया है, उनका उद्घाटन भी मेरे द्वारा ही किया गया है।