Friday April 17, 2026

7 चरणों में होगा लोकसभा का चुनाव, 19 अप्रैल से डाले जाएंगे वोट, 4 जून को आएंगे नतीजे

image

नई दिल्ली। देश में लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर चुनावी कार्यक्रम का ऐलान हो गया है। भारतीय चुनाव आयोग ने आज 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। चुनावी कार्यक्रम की घोषणा के अनुसार देश में कुल 7 चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण के लिए 19 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। 

लोकसभा चुनाव के लिए 19 अप्रैल से शुरु होने वाला मतदान अलग-अलग राज्यों और चरणों में 01 जून तक चलेगा। जबकि 4 जून को मतगणना की जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव संबंधी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

लोकसभा की 543 सीटों के लिए वोटिंग होगी। पहला चरण 19 अप्रैल, दूसरा चरण 26 अप्रैल, तीसरा चरण 7 मई को होगा। चौथे चरण का मतदान 13 मई, पांचवें चरण का 20 मई, छठे चरण का मतदान 25 मई और सातवें चरण का मतदान 1 जून को होगा। 4 जून को मतगणना कराई जाएगी। इसके अलावा आंध्र प्रदेश में 13 मई को विधानसभा चुनाव होंगे। 

इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश में 19 अप्रैल, सिक्किम में 19 अप्रैल और ओडिशा में 13 मई, 20 मई और 25 मई को राज्य विधानसभा के चुनाव कराए जाएंगे। इन चुनावों में 2100 पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे। 85 साल और अधिक उम्र के लोग चाहें तो घर पर वोट डाल सकेंगे। 1.5 करोड़ अधिकारी और सुरक्षाबलों के जवान तैनात होंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि 55 लाख ईवीएम के जरिए पोलिंग कराई जाएगी। 10.5 लाख पोलिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 18 से 19 साल की 85 लाख युवतियां पहली बार वोट डालेंगी। इसी तरह 1.82 करोड़ युवा वोटर पहली बार वोट डालेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने जानकारी दी कि 20-29 वर्ष में 21.5 करोड़ वोटर हैं। 85 साल की उम्र के 82 लाख वोटर हैं। उन्होंने बताया कि 96.88 करोड़ कुल मतदाता हैं।