Tuesday October 27, 2026

ईरान के हमले से जंग की आहट, इराक, जॉर्डन और इजरायल ने बंद किए एयरस्पेस

image

हिजबुल्लाह चीफ हसन नसरल्लाह की मौत के बाद ईरान ने इजरायल पर हमला कर दिया है। ईरान ने इजरायल पर सैंकड़ों मिसाइलें दागी हैं। ऐसे में इराक, जॉर्डन और इजरायल ने एयरस्पेस बंद कर दिए हैं। उड़ानें डायवर्ट की जा रही हैं। प्रमुख हवाई मार्ग अब बंद हैं। इराकी एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

इजराइली सेना ने जानकारी दी कि ईरान ने इजराइल पर दर्जनों मिसाइल दागी हैं। देशभर में हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बज रहे हैं। सेना ने बताया कि उसने निवासियों को बंकरों के पास रहने का आदेश दिया है। तेल अवीव और यरुशलम के निकट कई धमाके सुने गए, हालांकि यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये धमाके मिसाइल के गिरने की थीं या इजराइली सुरक्षा बलों द्वारा हमलों को रोके जाने की थीं, या दोनों की थीं।

नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने के आदेश

इजराइल और अमेरिका ने चेतावनी दी है कि ईरान द्वारा इजराइल पर हमले की स्थिति में गंभीर परिणाम होंगे। इजराइली सेना के प्रवक्ता रियर एडमिरल डैनियल हैगरी ने कहा कि देश की वायु रक्षा प्रणाली पूरी तरह से चालू है, जो खतरों का पता लगा रही है और उन्हें रोक रही है। इजराइलियों के मोबाइल फोन पर सुरक्षित स्थान पर रहने के आदेश भेजे गए और राष्ट्रीय टेलीविजन पर इसकी घोषणा की गई।

ईरान को अमेरिका की चेतावनी- गंभीर परिणाम होंगे

ईरानी की ओर से दागी गईं मिसाइलों के वीडियो सामने आए हैं, जिसमें इजरायल में कई जगहों पर मिसाइल लॉन्च होते दिखाई दिए। वहीं, व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि ईरान ने इजराइल के खिलाफ बैलिस्टिक मिसाइल दागी, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। ईरान से हमले की स्थिति में इजराइल की सहायता के लिए अमेरिकी जहाज और विमान इस क्षेत्र में तैनात हैं।