Friday April 17, 2026

इस्तीफे की खबर पर बोले हिमाचल के सीएम सुक्खू- बीजेपी फैला रही अफवाह, पूरे 5 साल चलेगी सरकार 

image

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के इस्तीफे की अफवाहों के बीच खुद सीएम ने इन अटकलों को खारिज करते हुए प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मीडिया के सामने आकर ये साफ कर दिया है कि उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया है।

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मैंने कोई इस्तीफा नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि पूरे पांच साल सरकार चलेगी। साथ ही दावा किया कि बीजेपी के कई विधायक उनके संपर्क में हैं। सीएम ने कहा कि हर चुनौती का सामना करने को तैयार। मैं डरने वालों में से नहीं हूं और मैं यह गारंटी के साथ कह सकता हूं कि जब बजट पेश किया जाएगा तो कांग्रेस जीतने वाली है। बजट आज पारित होगा। बीजेपी मेरे बारे में अफवाह फैला रही है।

हिमाचल प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार पर संकट के बादल छाए हुए हैं। राज्यसभा चुनाव में मंगलवार को 6 कांग्रेसी विधायकों की क्रॉस वोटिंग के बाद आज पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सुक्खू सरकार से नाराजगी जताते हुए कहा है कि उनका अपमान किया गया है।

फिलहाल, राज्यसभा इलेक्शन के बाद कांग्रेस के छह विधायक बागी हो गए हैं। ऐसे में कांग्रेस के पास 34 विधायक बचे हैं। वहीं बहुमत का आंकड़ा 35 है। जबकि, भाजपा के पास 25 विधायक हैं और इसके अलावा, तीन विधायक निर्दलीय हैं।