Sunday October 25, 2026

HIL: हैदराबाद तूफान्स ने शूटआउट में सूरमा हॉकी को 4-3 से दी पटखनी

image

राउरकेला। हैदराबाद तूफान्स ने शनिवार को यहां हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के रोमांचक मैच में पेनल्टी शूटआउट में सूरमा हॉकी क्लब को 4-3 से शिकस्त दी। दोनों टीमें नियमित समय में 1-1 से बराबरी पर थी। सूरमा हॉकी क्लब के लिए निकोलस डेला टोरे (आठवें मिनट) और हैदराबाद तूफान्स के लिए अमनदीप लकड़ा (40वें मिनट) ने गोल किया। हैदराबाद तूफान्स के गोलकीपर डॉमिनिक डिक्सन के ‘सडन डेथ’ में शानदार प्रदर्शन से टीम ने बोनस अंक जुटाया। हैदराबाद तूफान्स अब रविवार को वेदांता कलिंगा लांसर्स से भिड़ेगी। 


एक अन्य मैच में यूपी रूद्राज ने दिल्ली एसजी पाइपर्स को 3-1 से पराजित किया। यूपी रूद्राज के लिए फ्लोरिज वोर्टेबोयर ने 30वें, केन रसेल ने 43वें और टैंगुए कोसिन्स ने 54वें मिनट में गोल दाकर अपनी टीम को तीन अंक दिलाये जिससे टीम तालिका में दूसरे नंबर पर पहुंच गई। दिल्ली एसजी पाइपर्स के लिए जेक वेटन ने 29वें मिनट में गोल दागा।

WHIL का आज से आगाज
दूसरी तरफ दिल्ली एसजी पाइपर्स 12 जनवरी को रांची में शुरू होने वाली महिला हॉकी इंडिया लीग (डब्ल्यूएचआईएल) में ओडिशा वॉरियर्स से भिड़ेगी। डब्ल्यूएचआईएल मुकाबले मारंग गोमके जयपाल सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले जायेंगे जहां एफआईएच ओलंपिक क्वालीफायर और महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जैसे शीर्ष अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट का आयोजन किया जा चुका है। 

दिल्ली एसजी पाइपर्स की कप्तान नवनीत कौर ने कहा कि हम बहुत उत्साहित हैं कि महिला एचआईएल आखिरकार शुरू हो रही है और हम (दिल्ली एसजी पाइपर्स) पहला मैच खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका मानना ​​है कि अन्य टीमों की तुलना में हमारी टीम काफी युवा है और हमें उनसे बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। जैसे जैसे लीग आगे बढ़ेगी, उन्हें भी बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। हमने अच्छी तैयारी की है और हम एक बार में एक मैच पर ही ध्यान लगायेंगे।