Wednesday June 24, 2026

नाइजीरिया में बंदूकधारियों ने विश्वविद्यालय के वाहन पर घात लगाकर किया हमला, 20 छात्रों का अपहरण होने से हड़कंप

image

अबुजाः नाइजीरिया के उत्तर-मध्य क्षेत्र में बंदूकधारियों ने एक विश्वविद्यालय के छात्रों के वाहनों पर घात लगाकर बड़ा हमला किया है। इस दौरान हमलावरों ने कम से कम 20 छात्रों का अपहरण कर लिया है। इससे उत्तर-मध्य नाइजीरिया में दहशत फैल गई है। हमले के दौरान कई छात्र घायल भी हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बेन्यू राज्य पुलिस प्रवक्ता कैथरीन एनेन ने बताया कि छात्र जब मेडिकल छात्रों के एक सम्मेलन में शामिल होने के लिए दक्षिण की ओर जा रहे थे, तभी बृहस्पतिवार शाम को बेन्यू में उन पर घात लगाकर हमला किया गया।

यह हमला बेनुए ओटुकपो मार्ग पर हुआ, जहां अपहरण की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। उत्तरी नाइजीरिया के कुछ हिस्सों में अपहरण की इस तरह की घटनाएं आम हैं। दर्जनों सशस्त्र समूह सीमित सुरक्षा व्यवस्था का फायदा उठाकर गांवों और प्रमुख सड़कों पर हमले करते हैं। अधिकतर पीड़ितों को फिरौती की रकम चुकाने के बाद ही छोड़ा जाता है। इन हमलों की वजह से कई लोगों ने सड़क मार्ग से यात्रा करना छोड़ दिया है।

हमला करने वाले समूह का नहीं चला पता

बेन्यू में जिन छात्रों का अपहरण किया गया, वे उत्तरी नाइजीरिया के मैदुगुरी विश्वविद्यालय और जोस विश्वविद्यालय के थे। इन विश्वविद्यालयों के छात्र समूहों ने हमलों की निंदा की और अधिकारियों से अपहृत यात्रियों की रिहाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया। यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किस समूह ने किया और बंधकों को कहां ले जाया गया। पुलिस ने बचाव प्रयासों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। (एपी)