Wednesday October 28, 2026

तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 6 मजदूरों की हुई मौत

image

तमिलनाडु से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां विरुधुनगर जिले में एक पटाखा बनाने वाली फैक्टरी में विस्फोट हो गया है। इस विस्फोट की वजह से वहां काम कर रहे 6 मजदूरों की मौत हो गई है। विस्फोट के बारे में आशंका जताई जा रही है कि रसायनों को मिलाने की प्रक्रिया के दौरान यह धमाका हो गया, जिससे कम से कम एक कमरा क्षतिग्रस्त हो गया। इस कमरे में काम कर रहे 6 मजदूरों की मौत हो गई है। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव का कार्य किया जा रहा है।

तेलंगाना की फैक्ट्री में धमाका
इससे थोड़ी देर पहले ही एक अन्य घटना में तेलंगाना के यदाद्रि-भुवनगिरि जिले में भी एक फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। यदाद्रि-भुवनगिरि जिले में शनिवार को हुए धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह विस्फोट उस कारखाने में हुआ, जहां विस्फोटक सामग्री बनाई जाती है। फिलहाल घटना के जांच की जा रही है। साथ ही राहत का कार्य भी किया जा रहा है।

कोयंबटूर में पलटा एलपीजी टैंकर
बता दें कि तमिलनाडु में ही शुक्रवार को एक हादसे में एलपीजी टैंकर पलट गया। ये हादसा कोयंबटूर में हुआ। इसे लेकर कोयंबटूक के जिला कलेक्टर क्रांति कुमार पति ने कहा कि शुक्रवार तड़के एक एलपीजी टैंकर अविनाशी रोड फ्लाईओवर पर पलट गया, जिससे मामूली गैस रिसाव हुआ। जब ड्राइवर फ्लाईओवर के चौराहे पर घूम रहा था तभी ट्रक से अलग होने के बाद टैंकर पलट गया। उन्होंने बताया कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। हालांकि हादसे की वजह से शहर के मध्य भाग में यातायात अस्थायी रूप से रुक गया। घटनास्थल से 500 मीटर से एक किमी के दायरे में स्थित स्कूलों को एहतियात के तौर पर दिन भर के लिए बंद कर दिया गया।