Tuesday October 27, 2026

UP के बंद पड़े मदरसे से मिला क्षत-विक्षत मानव कंकाल, जांच के आदेश

image

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के जाजमऊ इलाके में बुधवार को एक बंद पड़े मदरसे से मानव कंकाल बरामद किया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। कंकाल बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में था, जिसके कारण यह मामला और भी रहस्यमय बन गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कंकाल पुराना प्रतीत होता है और मदरसा पिछले कई वर्षों से बंद पड़ा हुआ था।

कंकाल की होगी डीएनए जांच

अपर पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि कंकाल को फॉरेंसिक विशेषज्ञों और फील्ड यूनिट द्वारा जांच के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि कंकाल की डीएनए जांच करवाई जाएगी, ताकि मृतक के लिंग का पता चल सके। इसके अलावा कंकाल का वैज्ञानिक अध्ययन भी किया जाएगा, जिससे मृत्यु की वजह और मृतक की उम्र का पता चल सके।

यह कंकाल मदरसे के मालिक हमजा को उसके रिश्ते के भाई की ओर से सूचना दिए जाने के बाद बरामद हुआ। सूचना मिलने के बाद मदरसे का ताला तोड़ा गया, तो कंकाल बरामद हुआ। पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच के बाद ही इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।

कन्नौज में 4 डॉक्टर समेत 5 की मौत

एक अन्य खबर में कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात हुई सड़क दुर्घटना में सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय से जुड़े चार चिकित्सकों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। घटना बुधवार देर रात करीब 3:00 बजे हुई, जब एसयूवी का चालक वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन डिवाइडर से टकरा गया। अधिकारी ने कहा, "डिवाइडर से टकराने के बाद कार सड़क के दूसरी ओर जा गिरी, जिसके बाद एक ट्रक उससे टकरा गया। चार चिकित्सकों और एक लैब तकनीशियन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्नातकोत्तर का एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तिर्वा में भीमराव आंबेडकर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।" 

मृतकों की पहचान आगरा के निवासी डॉ. अनिरुद्ध वर्मा (29), भदोही के संतोष कुमार मौर्य (46), कन्नौज के डॉ. अरुण कुमार (34), बरेली के निवासी डॉ. नरदेव (35) और प्रयोगशाला तकनीशियन राकेश कुमार (38) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे में मारे गए चिकित्सक और तकनीशियन लखनऊ में एक शादी में शामिल होने के बाद सैफई लौट रहे थे। तिर्वा की क्षेत्राधिकारी प्रियंका बाजपेयी ने बताया कि दुर्घटना में घायल हुए मुरादाबाद के निवासी जयवीर सिंह (39) को तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। (भाषा)