Wednesday October 28, 2026

दिल्ली समेत 4 राज्यों में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने मिलाया हाथ, जानिए किसे कितनी मिली सीटें 

image

नई दिल्ली। लोकसभा चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन हो गया है। आज आप और कांग्रेस की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह ऐलान किया गया कि आम आदमी पार्टी दिल्ली की चार सीटों नई दिल्ली, वेस्ट दिल्ली, साउथ दिल्ली और ईस्ट दिल्ली से चुनाव लड़ेगी, जबकि चांदनी चौक, नार्थ ईस्ट और नार्थ वेस्ट सीट पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी।

वहीं गुजरात की 24 सीटों पर कांग्रेस पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी और दो सीटों पर आप के उम्मीदवार मैदान में उतरेंगे। इसके साथ ही हरियाणा की 9 सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार उतरेंगे, वहीं कुरुक्षेत्र की लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी अपना उम्मीदवार उतारेगी। वहीं, गोवा की दोनों सीटों और चंडीगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। 

हालांकि, पंजाब में आम आदमी पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी। बता दें कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने पहले ही साफ कर दिया था कि राज्य की सभी 13 लोकसभा सीटों पर उनकी पार्टी ही चुनाव लड़ेगी।

संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में महासचिव संदीप पाठक, दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज और आतिशी आम आदमी पार्टी की तरफ से शामिल हुईं, जबकि कांग्रेस की तरफ से गठबंधन के लिए गठित समिति के अध्यक्ष मुकुल वासनिक, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली और दिल्ली-हरियाणा प्रभारी दीपक बाबरिया शामिल हुए।