Wednesday October 28, 2026

Exit Poll के आंकड़ों पर बृजभूषण सिंह का आया बयान, हरियाणा को लेकर कही ये बात

image

जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो चुका है। 8 अक्टूबर को नजीते आएंगे। उससे पहले दोनों राज्यों को लेकर एग्जिट पोल जारी किए गए हैं, जिस पर तमाम सियासी पार्टियों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। इस बीच, दोनों राज्यों के नतीजे को लेकर भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व प्रमुख और बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह का भी बयान सामने आया है। 

बृजभूषण सिंह से पूछा गया कि क्या लगता है हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में कौन सरकार बनाएगा? इस पर उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में तो हमें दिखाई पड़ रहा है कि बीजेपी सरकार बनाएगी, जबकि हरियाणा को लेकर कहा कि यहां पर बोलना मना है।

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि बीजेपी ने बृजभूषण शरण सिंह को पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के खिलाफ बयानबाजी से दूर रहने की सलाह दी है। उन्होंने दोनों पहलवानों के खिलाफ कांग्रेस में शामिल होने पर निशाना साधा था। पूर्व WFI प्रमुख ने कहा कि विनेश और बजरंग ने कुश्ती में नाम कमाया, उसी से मशहूर हुए, लेकिन अब कांग्रेस में शामिल होने से उनका नाम मिट जाएगा। इसके साथ ही बृजभूषण ने विनेश पर कुश्ती को बदनाम करने का आरोप लगाया।  उन्होंने कहा कि विनेश और बजरंग ने कुश्ती के माहौल का खराब किया है।

वहीं, बृजभूषण ने कांग्रेस पर विनेश को इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और कहा कि हरियाणा चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस विनेश और बजरंग को मोहरे के तौर पर इस्तेमाल कर रही है। दरअसल, विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया उन पहलवानों में शामिल थे, जिन्होंने बृजभूषण सिंह पर कई जूनियर महिला पहलवानों के यौन शोषण का आरोप लगाते हुए पिछले साल दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया था और इसे लेकर भारतीय कुश्ती जगत में भारी बवाल देखने को मिला।