Friday April 17, 2026

गगनयान मिशन के लिए चुने गए 4 अंतरिक्ष यात्री, पीएम मोदी ने किया नामों का खुलासा

image

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के पहले अंतरिक्ष मानव मिशन गगनयान के तहत अंतरिक्ष में जाने के लिए चुने गए चार नामित अंतरिक्ष यात्रियों के नामों का खुलासा किया। इनका नाम ग्रुप कैप्टन प्रशांत नायर, अंगद प्रताप, अजित कृष्ण और विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला है। 

साल 2018 में जब पीएम मोदी ने देश के पहले मानव स्पेस मिशन गगनयान की घोषणा की थी तब से लेकर अब तक इन पायलट्स की पहचान को गोपनीय रखा गया था।

पीएम मोदी ने आज बेंगलुरु में इन चार गगनयान यात्रियों को विंग्स दिए। इस दौरान उपस्थित लोगों ने जमकर तालियां बजाईं और इन गगनयान यात्रियों का हौसला बढ़ाया। पीएम मोदी ने भी गगनयान मिशन के लिए चुने जाने पर सभी अंतरिक्ष यात्रियों को बधाई दी।

चुने गए सभी अंतरिक्ष यात्री टेस्ट पायलट हैं। यानी लड़ाकू विमानों की टेस्टिंग करते हैं। खतरा होने पर तुरंत विमान को बचाने और उसे सकुशल उतारने में इन सभी को महारत हासिल है। कड़े टेस्ट के बाद सभी को इसरो ने गगनयान मिशन के लिए चुना है। 

गगनयान मिशन में हिस्सा लेने के लिए 12 लोगों ने आवेदन किया था। इनको इसरो ने शॉर्टलिस्ट किया और फिर तमाम टेस्ट हुए। इन टेस्ट के बाद 4 टेस्ट पायलटों को गगनयान मिशन के लिए इसरो ने चुना है।

सभी 4 गगनयान अंतरिक्ष यात्रियों ने रूस में भी ट्रेनिंग ली है। कोरोना के कारण इनकी ट्रेनिंग पर भी असर पड़ा था। इस वजह से इसरो का गगनयान मिशन भी लेट हुआ। अब इसरो इस साल एक रोबॉट को पहले गगनयान के जरिए भेजेगा। इस प्रयोग के सफल होने के बाद अगले साल इसरो की तरफ से 4 अंतरिक्ष यात्री गगनयान के जरिए भेजे जाएंगे। ये सभी अंतरिक्ष में प्रयोग करेंगे और फिर धरती की वापसी करेंगे।