Wednesday October 28, 2026

ईरान में 2 न्यायाधीशों की गोली मारकर हत्या, दोनों को बताया जा रहा कट्टरपंथी

image

दुबई: ईरान की राजधानी तेहरान में 2 जजों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इससे दहशत फैल गई है। यह घटना शनिवार को हुई, जहां एक व्यक्ति ने दो प्रमुख कट्टरपंथी न्यायाधीशों की गोली मारकर हत्या कर दी। सरकारी मीडिया की खबर से यह जानकारी मिली। देश में न्यायपालिका पर यह दुर्लभ हमला है। 

सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ ने बताया कि इस गोलीबारी में न्यायाधीश मौलवी मोहम्मद मोगीसेह और न्यायाधीश अली रजिनी की मौत हो गई। ‘इरना’ के मुताबिक, इस हमले में एक न्यायाधीश का अंगरक्षक भी घायल हो गया। समाचार एजेंसी के मुताबिक, बाद में हमलावर ने खुद को भी गोली मारकर अपनी जान दे दी। 

एक बार और हो चुकी थी हत्या की कोशिश
बताया जा रहा है कि जिन न्यायाधीशों को गोली मारी गई, उनमें से एक जज की करीब 25 साल पहले भी हत्या की कोशिश हो चुकी थी।

न्यायाधीश रजिनी की 1999 में हत्या करने की कोशिश की गयी थी, लेकिन वह प्रयास विफल रहा था। दोनों ही न्यायाधीश कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा चलाने और उन्हें कठोर सजा देने के लिये जाने जाते थे। (एपी)