Tuesday April 21, 2026

सीरियल ब्लास्ट से दहली लेबनान की राजधानी बेरूत, कई पेजर में हुए धमाकों से 1000 से अधिक लोग घायल

image

लेबनान की राजधानी बेरूत में सीरियल ब्लास्ट की खबर सामने आ रही है। जहां बातचीत के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पेजर में सिलसिलेवार कई धमाके हो गए। हिजबुल्लाह के लड़ाकों, आमजन और डॉक्टरों सहित 1,000 से अधिक लोग घायल हो गए। पेजर में हो रहे धमाकों से शहर में भगदड़ मच गई।

 

ईरानी राजदूत भी हुए घायल

ईरान की मेहर समाचार एजेंसी ने बताया कि लेबनान में ईरानी राजदूत मोजतबा अमानी भी विस्फोट में घायल हो गए। तीन सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि विस्फोटित पेजर, हिजबुल्लाह द्वारा हाल के महीनों में लाए गए सबसे लेटेस्ट मॉडल के थे।

 

शहर में दहशत का माहौल

सीरीयल धमाकों के बाद से बेरूत के दक्षिणी इलाकों में एंबुलेंस को दौड़ते हुए देखा गया है, जो हिजबुल्लाह का गढ़ है। धमाकों के बाद से दहशत का माहौल है। एक सुरक्षा सूत्र ने बताया कि लेबनान के दक्षिणी हिस्से में कई पेजर फटे हैं।

 

घायलों को अस्पताल लेकर जा रहे परिजन

सिलसिलेवार धमाकों में घायल हुए लोग दर्द से चिल्लाते हुए देखे गए। सड़कों व बाजारों में अफरा-तफरी का माहौल है। घायलों को उनके परिजन मोटर साइकिल व कार से अस्पतालों की ओर लिए जाते हुए देखे गए।

 

चेहरे, आंखों और हाथ-पैर से बह रहा खून

देश के दक्षिणी हिस्से में स्थित नबातियेह पब्लिक अस्पताल के प्रमुख हसन वजनी ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि उनके अस्पताल में करीब 40 घायलों का इलाज चल रहा है। घायलों के चेहरे, आंखों और हाथ-पैर से खून बह रहा है।